मुंगेली। मुंगेली जिले के थाना लालपुर क्षेत्र स्थित ग्राम कंतेली के आदि श्री महामाया मंदिर में हुई सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के दो अन्य सदस्य पहले से ही कवर्धा की पोड़ी जेल में बंद हैं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 1.75 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के धार्मिक आभूषण बरामद किए हैं। जांच के दौरान वर्ष 2025 में कोदवाबानी स्थित महामाया मंदिर और हाल ही में कबीरधाम जिले के सिल्हाटी महादेव मंदिर में हुई चोरी का भी खुलासा हुआ है।
एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने सभी थाना प्रभारियों को अज्ञात आरोपियों की पहचान कर चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, एसडीओपी माधुरी धिरही और उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में साइबर सेल और थाना लालपुर की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
महामाया मंदिर से हुई थी चोरी
29 जून 2026 को ग्राम कंतेली स्थित आदि श्री महामाया मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधि सुरेश यादव ने थाना लालपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 28-29 जून की रात अज्ञात चोर मंदिर का ताला तोड़कर गर्भगृह में घुसे और देवी मां के सोने-चांदी के मुकुट, मंगलसूत्र, करधन, माला सहित अन्य धार्मिक आभूषण चोरी कर ले गए। इस मामले में अपराध क्रमांक 104/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
तकनीकी जांच से मिला सुराग
लगातार जांच और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस का संदेह अश्वनी आहिरे पर गया। 19 जुलाई को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने अपने जीजा मंजीत पुरले और साथी पप्पू उर्फ सुनील गोस्वामी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने रात में मंदिर का चैनल गेट और ताला तोड़कर देवी प्रतिमा पर चढ़े सभी कीमती आभूषण चोरी किए और बाद में उन्हें ग्राम जमकोर में पप्पू गोस्वामी की मां चंपाबाई गोस्वामी के पास छिपाकर रख दिया।
एक साल पुराना मंदिर चोरी का मामला भी सुलझा
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वर्ष 2025 में ग्राम कोदवाबानी स्थित महामाया मंदिर में हुई चोरी भी इसी गिरोह ने की थी। उस वारदात में करीब 96 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हुए थे। यह मामला अपराध क्रमांक 110/2025 के तहत दर्ज था और लंबे समय से अनसुलझा था। आरोपी की स्वीकारोक्ति के बाद यह मामला भी सुलझ गया।
कबीरधाम के महादेव मंदिर में भी की थी चोरी
आरोपी ने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया कि करीब 10 से 15 दिन पहले उसने अपने साथियों के साथ कबीरधाम जिले के ग्राम सिल्हाटी स्थित महादेव मंदिर में भी चोरी की थी। वहां से चोरी किए गए आभूषण भी चंपाबाई गोस्वामी के पास ही छिपाकर रखे गए थे।
1.75 लाख के धार्मिक आभूषण बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दोनों मंदिर चोरी प्रकरणों और थाना पोड़ी क्षेत्र की चोरी से संबंधित कुल 1 लाख 75 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सामान में चांदी के कई मुकुट, करधन, सिक्कों वाली मालाएं, ढार, गैस से गलाए गए चांदी के टुकड़े, सोने की पत्तियां तथा अन्य धार्मिक आभूषण शामिल हैं।
दो गिरफ्तार, दो पहले से जेल में
पुलिस ने इस मामले में अश्वनी आहिरे (24) निवासी नगपुरा, जिला बेमेतरा और चंपाबाई गोस्वामी निवासी ग्राम जमकोर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, गिरोह के सदस्य मंजीत पुरले और पप्पू उर्फ सुनील गोस्वामी किसी अन्य मामले में पहले से ही कवर्धा की पोड़ी जेल में बंद हैं। पुलिस ने दोनों मंदिर चोरी प्रकरणों में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई जारी रखी है।





