July 23, 2026

मुंगेली में एक ही घर में चार महीने में दूसरी चोरी, बुजुर्ग महिला का कान फाड़कर ले गए सोने का आभूषण

मुंगेली। जिले के फास्टरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ठाकुरकापा में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। महज चार महीने के भीतर एक ही परिवार के घर में दूसरी बार चोरी की वारदात हुई है। ताजा घटना में आधी रात घर में घुसे बदमाश ने सो रही बुजुर्ग महिला के कान से सोने का आभूषण खींच लिया, जिससे उनका कान फट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। इससे पहले मार्च में इसी घर से करीब 2.25 लाख रुपये के जेवर, नगदी और जरूरी दस्तावेज चोरी हुए थे।

पीड़ित परिवार के सदस्य शिव भास्कर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, चोरी गए सामान की बरामदगी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पहली चोरी का खुलासा नहीं होने से बदमाशों के हौसले बढ़े और उन्होंने दोबारा उसी घर को निशाना बनाया।

पहली चोरी में 2.25 लाख की नगदी और जेवर ले उड़े थे चोर

शिकायत के अनुसार 12 मार्च 2026 की रात अज्ञात चोर घर में घुसकर लकड़ी की पेटी उठा ले गए थे, जिसमें एक लाख रुपये नगद, जमीन संबंधी दस्तावेज, बैंक पासबुक, आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी कागजात रखे थे। इसके अलावा करीब 1.25 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण भी चोरी कर लिए गए थे। कुल मिलाकर लगभग 2.25 लाख रुपये की चोरी हुई थी।

दूसरी वारदात में महिला पर हमला

पहली घटना के चार महीने बाद 9 जुलाई की आधी रात बदमाश फिर उसी घर में घुस गया। उस समय हरिप्रसाद और उनकी पत्नी जानकी बाई घर में सो रहे थे। आरोपी छत के रास्ते अंदर पहुंचा और सो रही जानकी बाई के कान से सोने का आभूषण खींचकर भाग निकला। आभूषण खींचने से उनका कान फट गया और काफी खून बहा। शोर सुनकर परिजन जागे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।

ग्रामीणों में दहशत, पुलिस पर उठे सवाल

लगातार दो बड़ी चोरी की घटनाओं के बाद ठाकुरकापा और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पहली घटना में पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया होता तो दूसरी वारदात टाली जा सकती थी। लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

एसएसपी ने गठित की विशेष जांच टीम

मुंगेली के पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।

कांग्रेस नेता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेता संजीत बनर्जी ने फास्टरपुर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि चार महीने में एक ही घर में दो बार चोरी होना पुलिस की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने थाना प्रभारी को हटाने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार खुलेआम चल रहा है और इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पीड़ित परिवार की मांग

पीड़ित परिवार ने पुलिस से मांग की है कि मामले को केवल जांच तक सीमित न रखा जाए, बल्कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी गए जेवर और नगदी बरामद की जाए। परिवार का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में और भी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं।