रायपुर। राजधानी रायपुर के नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई के मुद्दे पर शुक्रवार को कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित परिवारों की समस्याओं और कार्रवाई से उत्पन्न स्थिति को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपते हुए न्याय दिलाने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के समक्ष कहा कि बुलडोजर कार्रवाई के बाद प्रभावित परिवारों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप कर पीड़ित परिवारों को राहत और न्याय दिलाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, राज्यपाल ने उनकी बात गंभीरता से सुनी और आश्वासन दिया कि विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद वे इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से चर्चा करेंगे।
कांग्रेस नेताओं ने उम्मीद जताई कि राज्यपाल के हस्तक्षेप से प्रभावित परिवारों को राहत मिलेगी और मामले में न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित होगी। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग भी की।
पहले निकाली थी 14 किलोमीटर की पदयात्रा
इससे पहले बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस ने नकटी गांव से राजभवन तक करीब 14 किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली थी। यह पदयात्रा वीआईपी चौक होते हुए लोकभवन पहुंची थी, लेकिन उस दिन राज्यपाल से मुलाकात नहीं हो सकी थी।
इसके बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मिलने के लिए समय मांगा था। कांग्रेस ने चेतावनी दी थी कि यदि तीन दिनों के भीतर मुलाकात का समय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। शुक्रवार को प्रतिनिधिमंडल की राज्यपाल से मुलाकात के साथ इस मुद्दे पर औपचारिक रूप से ज्ञापन भी सौंपा गया।





