रायपुर। नकटी विस्थापन मामले को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत तेज हो गई है। बीजेपी नेता गौरीशंकर श्रीवास ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि नकटी में बन रहे आवास केवल विधायकों के लिए नहीं, बल्कि अधिकारियों, कर्मचारियों और जरूरतमंद लोगों के लिए हैं। उन्होंने दावा किया कि सभी विस्थापितों को उचित आवास और पुनर्वास पैकेज दिया जाएगा तथा किसी के साथ अन्याय नहीं होगा।
गौरीशंकर श्रीवास ने कहा कि वर्ष 2021 में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सभी विभागों से एनओसी मिलने के बाद ही परियोजना को मंजूरी मिली थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब इस मुद्दे को राजनीतिक लाभ के लिए उठा रही है।
प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय ने भी कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि भूमि चयन और पूरी प्रक्रिया कांग्रेस सरकार के समय हुई थी। उनका आरोप है कि बाद में क्षेत्र में अवैध कब्जे बढ़े और अब कांग्रेस लोगों को गुमराह कर आंदोलन करा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने नोटिस और पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी करते हुए अब तक 61-62 प्रभावित परिवारों को आवास उपलब्ध कराया है।





