July 23, 2026

नकटी गांव विवाद: दीपक बैज ने BJP सरकार पर साधा निशाना, बोले- गरीबों का घर तोड़कर विधायक कॉलोनी मंजूर नहीं

रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि गरीबों के घर तोड़कर विधायक कॉलोनी बनाना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने भाजपा विधायकों से भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर विधायक कॉलोनी के लिए किसी अन्य स्थान का चयन करने की मांग करने की अपील की।

बैज ने कहा कि नकटी गांव में कई परिवार पिछले 30 से 40 वर्षों से रह रहे थे। आरोप लगाया कि 29 जून को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर मकानों को ध्वस्त कर दिया, जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना और इंदिरा आवास योजना के तहत बने घर भी शामिल थे। उन्होंने दावा किया कि प्रभावित ग्रामीण अपने घर बचाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन प्रशासन ने कार्रवाई जारी रखी।

‘नवा रायपुर में पर्याप्त जमीन उपलब्ध’

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि विधायक कॉलोनी बनानी ही थी तो नवा रायपुर में पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध है। वहां निर्माण किया जाता तो गरीब परिवारों को बेघर नहीं होना पड़ता।

पुनर्वास व्यवस्था पर उठाए सवाल

दीपक बैज ने पुनर्वास व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को एक कमरे का मकान दिया जा रहा है, जबकि कई परिवारों में 20 से 25 सदस्य हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुनर्वास स्थल पर बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। साथ ही यह भी पूछा कि आवंटित मकानों की लागत का भुगतान कौन करेगा।

‘कांग्रेस विधायकों ने पेश की मिसाल’

बैज ने कहा कि कांग्रेस विधायक जनक राम ध्रुव और चातुरी नंद पहले ही मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर नकटी गांव में बनने वाली विधायक कॉलोनी में आवास लेने से इनकार कर चुके हैं। उन्होंने अन्य कांग्रेस और भाजपा विधायकों से भी इसी तरह का रुख अपनाने की अपील की।

BJP नेताओं पर लगाया गुमराह करने का आरोप

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान बच्चों की किताबें, साइकिल और घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुछ जनप्रतिनिधियों ने पहले ग्रामीणों को भरोसा दिया था कि उनके घर नहीं टूटेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कांग्रेस ने मांग की कि जिन परिवारों के मकान तोड़े गए हैं, उन्हें उचित मुआवजा देकर आवास उपलब्ध कराया जाए।

भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया का इंतजार

नकटी गांव प्रकरण पर मीडिया द्वारा प्रतिक्रिया मांगे जाने पर मंत्री रामविचार नेताम और गजेंद्र यादव ने टिप्पणी करने से इनकार किया। वहीं भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि इस विषय पर विधायक अनुज शर्मा जवाब देंगे। अन्य भाजपा विधायकों से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।