July 31, 2026

विधायक कॉलोनी के लिए गरीबों के घर तोड़ना गलत: नकटी कार्रवाई पर सरकार पर बरसे दीपक बैज

रायपुर। माना क्षेत्र के नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी के लिए किए जा रहे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों के आवास तोड़कर विधायकों के लिए कॉलोनी बनाने का काम कर रही है, जबकि इसके लिए पर्याप्त सरकारी जमीन उपलब्ध है।

बैज ने कहा कि गरीबों के घर तोड़ना उचित नहीं है और कांग्रेस इस कार्रवाई का पुरजोर विरोध करेगी। उन्होंने सरकार से गरीबों के हितों की अनदेखी नहीं करने की अपील की।

इंद्रावती के जलस्तर पर भी जताई चिंता
बस्तर के मुद्दे पर बोलते हुए दीपक बैज ने कहा कि इंद्रावती नदी और प्रसिद्ध जलप्रपात का जलस्तर लगातार घट रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हालात ऐसे बन गए कि सरकार को पानी छोड़ना पड़ा। बैज ने कहा कि राज्य सरकार को छत्तीसगढ़ के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

ED-CBI के दुरुपयोग का आरोप
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बस्तर से सरगुजा तक कांग्रेस ने विकास कार्य किए, लेकिन केंद्रीय एजेंसियों ED और CBI का इस्तेमाल कर राजनीतिक माहौल प्रभावित किया गया।

2028 में कांग्रेस सरकार बनने का दावा
दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनेगी।