Narayanpur News Update : नारायणपुर। जिले के भरण्डा गांव में धर्मांतरण को लेकर विवाद गहरा गया है। सोमवार सुबह से गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है और पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव के करीब 26 मतांतरित परिवारों ने आरोप लगाया है कि कुछ ग्रामीणों द्वारा उन्हें गांव छोड़ने के लिए कहा जा रहा है। परिवारों का कहना है कि उन पर ईसाई धर्म का पालन छोड़कर आदिवासी परंपराएं अपनाने का दबाव बनाया जा रहा है। उनका आरोप है कि उन्हें गांव से बाहर करने की कोशिश भी की गई।
वहीं दूसरी ओर आदिवासी समुदाय के लोगों का कहना है कि गांव की पारंपरिक संस्कृति, रीति-रिवाजों और देवी-देवताओं का सम्मान किया जाना चाहिए। उनका आरोप है कि धर्म परिवर्तन करने वाले कुछ लोग स्थानीय परंपराओं का अनादर करते हैं, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
दोनों पक्षों में कहासुनी, पुलिस ने संभाला मोर्चा
धर्मांतरण के मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी और झूमाझटकी भी हुई। हालांकि पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी के चलते स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन गांव में तनाव बरकरार है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार दोनों पक्ष अपने-अपने रुख पर अड़े हुए हैं, जिससे तत्काल समाधान निकलता नजर नहीं आ रहा है। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
शांति बनाए रखने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने, कानून हाथ में नहीं लेने और किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। प्रशासन दोनों पक्षों से लगातार संवाद कर मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है।





