परियना दिव्यांग आवासीय विद्यालय में बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, मुख्यमंत्री ने बच्चों को उच्च पदों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज नारायणपुर जिले के गरांजी स्थित परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय पहुंचे और छात्रों के बीच अचानक मुलाकात की। विद्यालय में अध्ययनरत दिव्यांग छात्र रंजीत बड्डे सहित सभी बच्चों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। बच्चों ने स्वागत गीत, हनुमान चालीसा और बस्तर अंचल के पारंपरिक गीत प्रस्तुत किए, जिससे सभी उपस्थित अतिथि मंत्रमुग्ध हो गए।

इस अवसर पर बच्चों की मांग पर मुख्यमंत्री साय ने विद्यालय को एक बस उपलब्ध कराने की घोषणा की। बच्चों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेहनत और आत्मविश्वास से वे अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकते हैं। उन्होंने उन्हें आईएएस, आईपीएस जैसे उच्च पदों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया और कहा कि किसी भी शारीरिक कमी से निराश नहीं होना चाहिए, क्योंकि विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों पर ईश्वर का विशेष आशीर्वाद होता है।
मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट वितरित कर आशीर्वाद भी दिया। उनकी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की मुख्यमंत्री साय, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, बस्तर सांसद महेश कश्यप, अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्यमंत्री सचिव राहुल भगत, कमिश्नर डोमन सिंह और आईजी सुंदरराज पी. ने सराहना की।

परियना दिव्यांग आवासीय विद्यालय का शुभारंभ 11 सितंबर 2023 को किया गया था। इसका संचालन जिला खनिज न्यास निधि से किया जा रहा है। विद्यालय का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को समावेशी शिक्षा प्रदान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़े और वे समाज में प्रभावी भूमिका निभा सकें। वर्तमान में विद्यालय में कुल 60 बच्चे अध्ययनरत हैं। यहाँ आडियोलॉजी, फिजियोथेरेपी, विशेष शिक्षा, संगीत शिक्षा, खेलकूद, योग और व्यायाम, तथा कंप्यूटर शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध हैं।





