July 23, 2026

सैलरी पैकेज इंश्योरेंस क्लेम दिलाने के नाम पर कमीशन मांगने का आरोप, निरीक्षक गिरफ्तार; न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सैलरी पैकेज इंश्योरेंस का क्लेम दिलाने के नाम पर कथित तौर पर कमीशन मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी निरीक्षक सुरेश चंद यादव को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेशी के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

क्लेम दिलाने के नाम पर कमीशन मांगने का आरोप

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सैलरी पैकेज इंश्योरेंस का क्लेम दिलाने के नाम पर उससे अनुचित कमीशन की मांग की गई और धोखाधड़ी का प्रयास किया गया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

एक अधिवक्ता भी सह-आरोपी

जांच के दौरान पुलिस ने निरीक्षक सुरेश चंद यादव के साथ एक अधिवक्ता को भी मामले में सह-आरोपी बनाया है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एसपी ने की पुष्टि

नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने मामले की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। पुलिस पूरे प्रकरण की गहन तफ्तीश कर रही है।