May 14, 2026

अबूझमाड़ में ITBP वाहन हादसा, डीमाइनिंग ऑपरेशन के दौरान 6 जवान घायल

नारायणपुर। जिले के अबूझमाड़ इलाके में शुक्रवार को आईटीबीपी जवानों से जुड़ा एक हादसा सामने आया है। डीमाइनिंग ऑपरेशन के दौरान जवानों का वाहन कुतुल-कोडनार मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 5 से 6 जवान घायल हो गए। इनमें 2 जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, आईटीबीपी जवान क्षेत्र में डीमाइनिंग और सर्चिंग अभियान के साथ-साथ विकास कार्यों की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान यह दुर्घटना हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों और प्रशासनिक टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि अबूझमाड़ का कुतुल और कोडनार इलाका लंबे समय तक नक्सल प्रभावित क्षेत्र रहा है। हाल के महीनों में सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई के बाद यहां विकास कार्यों में तेजी आई है और सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की गई है।