July 31, 2026

नारायणपुर के खड़का गांव में धर्मांतरण को लेकर विवाद, धर्मांतरित परिवारों को गांव छोड़ने का फरमान; पुलिस बल तैनात

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के खड़का गांव में धर्मांतरण को लेकर विवाद गहरा गया है। आदिवासी समुदाय और ईसाई धर्म अपनाने वाले परिवारों के बीच बढ़े तनाव के बाद धर्मांतरित परिवारों को गांव छोड़ने का फरमान जारी किया गया है। स्थिति को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, खड़का गांव में आदिवासी समाज के लोगों ने ईसाई धर्म अपनाने वाले दो परिवारों के घरों से सामान बाहर निकाल दिया। ग्रामीणों का कहना है कि धर्मांतरित परिवार गांव के सामाजिक कार्यक्रमों में अन्य ग्रामीणों की तरह आर्थिक सहयोग करें और आदिवासी देवी-देवताओं व पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करें।

वहीं, प्रभावित परिवारों का कहना है कि वे गांव के सामाजिक कार्यक्रमों के लिए साल में एक बार चंदा देने को तैयार हैं, लेकिन आदिवासी धार्मिक परंपराओं का पालन नहीं करेंगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।

तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले नारायणपुर जिले के भरण्डा गांव में भी धर्मांतरण को लेकर विवाद सामने आया था। वहां आदिवासी ग्रामीणों ने 26 धर्मांतरित परिवारों से गांव छोड़ने या फिर अपनी पुरानी आदिवासी परंपरा में लौटने की बात कही थी। अब खड़का गांव में सामने आए नए विवाद ने एक बार फिर इस मुद्दे को चर्चा में ला दिया है।