July 23, 2026

नारायणपुर में नक्सलियों का बड़ा डंप बरामद, जमीन के नीचे छिपे हथियार, कारतूस और डिजिटल उपकरण मिले

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। कोहकामेटा थाना क्षेत्र के कदेर गांव के जंगल में बीएसएफ की 133वीं वाहिनी और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सलियों का बड़ा हथियारों का जखीरा बरामद किया। डंप से हथियार, कारतूस, बीजीएल शेल, नक्सली साहित्य के साथ पेन ड्राइव और मेमोरी कार्ड जैसे इलेक्ट्रॉनिक स्टोरेज डिवाइस भी मिले हैं।

पुलिस के अनुसार, नक्सलवाद के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि जंगल में नक्सलियों ने हथियार और अन्य सामग्री छिपाकर रखी है। सूचना के आधार पर बीएसएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च अभियान चलाया। तलाशी के दौरान संदिग्ध स्थान की खुदाई करने पर जमीन के नीचे छिपाया गया नक्सली डंप बरामद हुआ।

हथियारों के साथ डिजिटल डिवाइस भी मिले

बरामद सामग्री में एक .303 राइफल, छह .315 राइफल, एक 12 बोर बंदूक, दो बीजीएल लॉन्चर, 44 बीजीएल शेल, बड़ी संख्या में विभिन्न प्रकार के कारतूस, मैगजीन, एंटीना, आरएफ डिटेक्टर, जीपीएस, नक्सली वर्दी, साहित्य, मेडिकल सामग्री और अन्य उपकरण शामिल हैं। इसके अलावा कई क्षमता के पेन ड्राइव, बड़ी संख्या में मेमोरी कार्ड और अन्य डिजिटल स्टोरेज डिवाइस भी जब्त किए गए हैं।

मौके पर ही नष्ट किए गए बीजीएल शेल

नारायणपुर पुलिस ने बताया कि बरामद 44 बीजीएल शेल को बम निरोधक दस्ता (BDS) ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया। पूरे इलाके को सैनिटाइज करने के बाद संयुक्त टीम सुरक्षित कैंप लौट आई।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नक्सलियों के छिपाए गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री की तलाश के लिए सर्च अभियान लगातार जारी रहेगा।