May 15, 2026

नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भाजपा का जोर, रायपुर में 15 अप्रैल को भव्य आयोजन

रायपुर। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा ने सक्रियता बढ़ा दी है। अधिनियम के समर्थन में 15 अप्रैल को राजधानी रायपुर में भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और सामाजिक संगठनों के सदस्य शामिल होंगे।

भाजपा नेत्री सरोज पांडेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल को रेखांकित करते हुए कहा कि महिला आरक्षण को लेकर अब तक केवल राजनीति होती रही है और महिलाओं को सिर्फ वोटर के रूप में देखा जाता था। उन्होंने कहा कि अधिनियम लागू होने के बाद 33 प्रतिशत आरक्षण के साथ महिलाएं नए राजनीतिक युग में प्रवेश करेंगी।

वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि दीनदयाल ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों, महिला समूहों और स्थानीय महिलाओं की भागीदारी होगी।

उन्होंने कहा कि इस अवसर पर लोकसभा स्तर पर नारी शक्ति पदयात्रा, बाइक और स्कूटी रैली जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। साथ ही सामाजिक और महिला क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों, युवा एवं महिला मोर्चा के सदस्यों की भी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

भाजपा का कहना है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने वाला ऐतिहासिक कदम है, जिससे भविष्य में संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।