March 3, 2026

भारत सरकार के नेशनल लेवल मॉनिटर छत्तीसगढ़ में केंद्रीय पशुपालन योजनाओं का करेंगे निरीक्षण

छत्तीसगढ़ में केंद्रीय पशुपालन योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए भारत सरकार के पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने तीन राष्ट्रीय स्तर के पर्यवेक्षक (नेशनल लेवल मॉनिटर) नियुक्त किए हैं। ये अधिकारी 9 से 14 फरवरी तक दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिलों का दौरा कर योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण करेंगे।

कार्यक्रम के पहले दिन संचालनालय स्तर पर ब्रीफिंग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादन आयुक्त एवं सचिव, पशुधन विकास विभाग के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं ने केंद्र से आए अधिकारियों और नेशनल लेवल मॉनिटर दल को योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।

बैठक में अधिकारियों ने कहा कि इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों को समय पर लाभ प्रदान करना और पशुधन स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करना है।

विशेष निरीक्षण के अंतर्गत संचालनालय परिसर में स्थित मोबाइल वेटेनरी यूनिट के कॉल सेंटर 1962 का दौरा किया गया और वहां संचालित सेवाओं की जानकारी प्राप्त की गई।