May 13, 2026

नेशनल लोक अदालत 2026: 9 मई से शुरुआत, अगस्त में विशेष सुनवाई से होगा लंबित मामलों का निपटारा

रायपुर। आम जनता तक न्याय पहुंचाने और आपसी सहमति से विवादों के समाधान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नेशनल लोक अदालत 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह 9 मई 2026 से शुरू होकर 21, 22 और 23 अगस्त को विशेष लोक अदालत के माध्यम से लंबित मामलों के निराकरण के साथ संपन्न होगा।

21 अप्रैल से शुरू सुलह प्रक्रिया
विशेष लोक अदालत का आयोजन सर्वोच्च न्यायालय परिसर में 21, 22 और 23 अगस्त को किया जाएगा, जिसमें सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों को भी शामिल किया जाएगा। इसके लिए सुलह और मध्यस्थता की प्रक्रिया 21 अप्रैल 2026 से ही शुरू हो चुकी है। राज्य, जिला, तालुका और उच्च न्यायालय विधिक सेवा समितियों के मध्यस्थता केंद्रों में पूर्व सुलह बैठकें आयोजित की जा रही हैं।

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम उपलब्ध
पक्षकार सुलह बैठकों में शारीरिक और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से शामिल हो सकते हैं। प्रशिक्षित मध्यस्थ और विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी इसमें सहयोग करेंगे। अपने मामले को शामिल कराने के लिए सर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट पर गूगल फॉर्म भरना होगा, जिसकी अंतिम तिथि 31 मई 2026 तय की गई है।

हेल्पलाइन नंबर जारी
अधिक जानकारी के लिए वन स्टॉप सेंटर (वार रूम) के नंबर 011-23115652 और 011-23116464 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायपुर (फोन: 0771-2425944, मोबाइल: +91-8301508992) से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।