May 14, 2026

National Morning News Brief : बिहार राज्यसभा चुनाव में NDA की जीत, बंगाल चुनाव के लिए BJP की पहली लिस्ट, लद्दाख में प्रदर्शन

National Morning News Brief (नेशनल मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): 16 मार्च 2026 की राष्ट्रीय खबरों में बिहार राज्यसभा चुनाव में NDA की बड़ी जीत, पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए बीजेपी की पहली सूची, लद्दाख में ‘पूर्ण राज्य का दर्जा’ की मांग को लेकर प्रदर्शन और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के वीडियो को लेकर नई चर्चा प्रमुख रही। आइए जानते हैं कल की बड़ी खबरें।

1. बिहार राज्यसभा चुनाव में NDA का परचम

बिहार राज्यसभा चुनाव में NDA ने सभी 5 सीटों पर जीत दर्ज की। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन को 44-44 वोट मिले, जबकि रामनाथ ठाकुर और उपेंद्र कुशवाहा को 42-42 वोट मिले। पांचवीं सीट पर बीजेपी के शिवेश राम ने दूसरी वरीयता के वोटों में RJD के एडी सिंह को हराया। महागठबंधन के चार विधायक वोटिंग में शामिल नहीं हुए, जिससे NDA को फायदा मिला। इनमें राजद का एक और कांग्रेस के तीन विधायक शामिल थे।

2. बंगाल चुनाव के लिए BJP की पहली लिस्ट जारी

बीजेपी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 144 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। सबसे चर्चित नाम शुवेंदु अधिकारी का है, जिन्हें भवानीपुर सीट से मैदान में उतारा गया है, जहां से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव लड़ती हैं। इसके अलावा शुवेंदु अधिकारी अपनी पारंपरिक सीट नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ेंगे। पहली सूची में बीजेपी ने 17 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया है।

3. ‘पूर्ण राज्य का दर्जा’ की मांग को लेकर लद्दाख में प्रदर्शन

लेह एपेक्स बॉडी ने लद्दाख को ‘पूर्ण राज्य का दर्जा’ और ‘छठी अनुसूची’ में शामिल करने की मांग को लेकर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। पिछले छह वर्षों से लद्दाख के लोग लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व और संवैधानिक सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। हालांकि केंद्र सरकार ने आंदोलनकारी समूहों को शांत करने के प्रयास में जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत हिरासत रद्द कर दी, लेकिन लेह एपेक्स बॉडी और कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस ने विरोध प्रदर्शन जारी रखने का फैसला किया।

4. बेंजामिन नेतन्याहू के वीडियो को Grok ने बताया डीपफेक

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की मौत की अफवाहों के बीच 15 मार्च को उनके X अकाउंट से एक वीडियो जारी हुआ था, जिसमें उन्होंने इन अफवाहों को खारिज किया था। हालांकि अब उस वीडियो को AI चैटबॉट Grok ने डीपफेक बताया है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर चर्चा और भ्रम की स्थिति बन गई है।

आज के प्रमुख इवेंट्स

  • केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया डाक विभाग की नई ‘24 स्पीड पोस्ट’ सेवा की शुरुआत करेंगे। पहले चरण में यह सेवा दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद में शुरू होगी।
  • एलपीजी से भरा जहाज नंदा देवी और कच्चा तेल लेकर आने वाला जहाज जग लाडकी आज भारत पहुंचने की उम्मीद है। नंदा देवी गुजरात के कांडला पोर्ट और जग लाडकी मुंद्रा पोर्ट पहुंचेगा।

कल की अन्य अहम खबरें

  • केरल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए बीजेपी ने 47 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर को नेमम सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
  • पश्चिम बंगाल चुनाव की घोषणा के बाद चुनाव आयोग एक्शन मोड में है। मुख्य सचिव और गृह सचिव को हटाने के बाद राज्य के डीजीपी सहित चार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का तबादला किया गया।
  • यूएई में 19 भारतीय गिरफ्तार: ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के बीच संयुक्त अरब अमीरात में सोशल मीडिया पर फेक न्यूज और भड़काऊ वीडियो साझा करने के आरोप में 35 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 19 भारतीय शामिल हैं।