कल की प्रमुख राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खबरों में प्रधानमंत्री का इजरायल दौरा, डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा, NCERT विवाद और अनिल अंबानी पर ED की कार्रवाई सुर्खियों में रहे।
पीएम मोदी ने इजरायल की संसद को संबोधित किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय इजरायल दौरे पर हैं। उन्होंने इजरायल की संसद नेसेट को संबोधित करते हुए हमास के हमले की कड़ी निंदा की।
उन्होंने कहा कि भारत लंबे समय से आतंकवाद का सामना करता आया है और इजरायल के दर्द को समझता है। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री का नेसेट को पहला संबोधन है। इससे पहले पीएम मोदी 2017 में भी इजरायल यात्रा पर गए थे।
डोनाल्ड ट्रंप का दावा – ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में शहबाज शरीफ निशाने पर थे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान तनाव को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने दावा किया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारतीय सेना पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को निशाना बनाने की योजना बना चुकी थी।
ट्रंप ने कहा कि अगर उन्होंने हस्तक्षेप न किया होता तो हालात बेहद गंभीर हो सकते थे। इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
CJI की नाराजगी के बाद NCERT किताब से हटेगा ‘ज्यूडीशियल करप्शन’ चैप्टर
राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) की एक किताब में ‘ज्यूडीशियल करप्शन’ अध्याय को लेकर विवाद बढ़ गया है।
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत की नाराजगी के बाद किताब की बिक्री पर रोक लगा दी गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विवादित अंश को हटाने पर विचार किया जा रहा है।
अनिल अंबानी के आलीशान घर पर ED का कब्जा
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
मुंबई स्थित 17 मंजिला आलीशान आवास ‘Abode’ को अस्थायी रूप से अटैच किया गया है। यह कार्रवाई कथित बैंक धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है। संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग ₹3,716 करोड़ बताई गई है।
अन्य प्रमुख खबरें
- 5 OTT प्लेटफॉर्म ब्लॉक: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने अश्लील कंटेंट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए MoodXVIP, Koyal Playpro, Digi Movieplex, Feel और Jugnu को ब्लॉक किया।
- असम में गैंगरेप: असम के सिलचर में महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के राज्य में हुई इस घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हैं।
- इंडिया–यूएस ट्रेड डील पर संकट: ट्रंप प्रशासन ने भारत से सौर आयात पर 126% टैरिफ लगाने का फैसला किया है, जिससे संभावित ट्रेड डील पर असर पड़ सकता है।
- फ्रांस–यूएस तनाव: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और ट्रंप प्रशासन के बीच कूटनीतिक तनातनी बढ़ी। ट्रंप के समधी चार्ल्स कुशनर की भूमिका को लेकर भी चर्चा तेज है।





