देश और दुनिया में गुरुवार (26 फरवरी 2026) को कई बड़ी खबरें सुर्खियों में रहीं। इजराइल में भारतीय UPI सेवा की शुरुआत से लेकर एयर टिकट रिफंड नियमों में बदलाव, पीएम मोदी के इंस्टाग्राम रिकॉर्ड और न्यायपालिका से जुड़ी विवादित किताब पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले तक, जानिए दिनभर की प्रमुख खबरें संक्षेप में।
1. इजराइल में चलेगा भारतीय UPI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजराइल यात्रा के दौरान बड़ा डिजिटल समझौता हुआ। अब इजराइल में भारत का यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) पूरी तरह संचालित होगा।
द्विपक्षीय वार्ता के बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की गई। पीएम मोदी ने यह भी संकेत दिया कि भारत और इजराइल के बीच जल्द फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) को अंतिम रूप दिया जा सकता है।
2. एयर टिकट 48 घंटे में कैंसिल करने पर फुल रिफंड
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने टिकट रिफंड नियमों में अहम बदलाव किया है। अब टिकट बुकिंग के 48 घंटे के भीतर यात्री बिना अतिरिक्त शुल्क टिकट रद्द या संशोधित कर सकेंगे।
हालांकि, यदि नई फ्लाइट का किराया अधिक होगा तो किराए का अंतर देना होगा। यह नियम यात्रियों को अधिक लचीलापन देगा।
3. पीएम मोदी के इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन फॉलोअर्स
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन (10 करोड़) फॉलोअर्स का आंकड़ा पार करने वाले पहले वैश्विक नेता बन गए हैं।
वे इस मामले में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी आगे निकल गए हैं। सोशल मीडिया पर यह उपलब्धि भारतीय राजनीतिक नेतृत्व की वैश्विक डिजिटल उपस्थिति को दर्शाती है।
4. ‘करप्शन इन ज्यूडीशियरी’ चैप्टर पर सुप्रीम कोर्ट का बैन
सुप्रीम कोर्ट ने NCERT की कक्षा 8 की किताब के विवादित अध्याय ‘करप्शन इन ज्यूडीशियरी’ पर रोक लगा दी है।
सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि बिना शर्त माफी स्वीकार नहीं की जाएगी और इस मामले की जांच होगी। अदालत ने किताब की छपाई, वितरण और डिजिटल शेयरिंग पर रोक के साथ प्रतियां जब्त करने का आदेश दिया है।
अन्य प्रमुख खबरें
- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ‘थर्ड कंट्री’ डिपोर्टेशन पॉलिसी पर अदालत से झटका।
- पीएम मोदी ने याद वाशेम में होलोकॉस्ट पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान बेंजामिन नेतन्याहू भी मौजूद रहे।
- संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) के सत्र में भारतीय राजनयिक अनुपमा सिंह ने पाकिस्तान को कड़ा जवाब दिया।
- महाराष्ट्र की राजनीति में बदलाव के बीच सुनेत्रा पवार को NCP की नई जिम्मेदारी।





