
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 9 से 13 जनवरी तक प्रस्तावित राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी (National Rover-Ranger Jamboree) को लेकर उठे भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इस बीच भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण शर्मा का बड़ा बयान सामने आया है।
बच्चों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए : सत्यनारायण शर्मा
सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि जंबूरी को लेकर हो रही राजनीति बच्चों के साथ अन्याय है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 9 जनवरी से शुरू होने वाली जंबूरी की स्पर्धा रद्द नहीं की जानी चाहिए, क्योंकि कई वर्षों बाद यह राष्ट्रीय स्तर का आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष कौन होगा, इसका निर्णय पार्टी आपसी बैठक में करे, लेकिन कार्यक्रम जरूर होना चाहिए।
कांग्रेस ने उठाए टेंडर प्रक्रिया पर सवाल
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री सुबोध हरितवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि जंबूरी का टेंडर 3 जनवरी को जेम पोर्टल पर खुलना था, लेकिन उससे पहले ही बालोद स्थित शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में एक निजी कंपनी द्वारा काम शुरू कर दिया गया। मौके पर ट्रक, सामग्री और मजदूरों की मौजूदगी से यह साफ है कि काम पहले से तय था।
कांग्रेस ने सवाल उठाया कि बिना टेंडर कंपनी को काम किसके आदेश पर दिया गया, जेम पोर्टल की जानकारी कैसे लीक हुई और क्या मंत्री स्तर पर पहले ही भरोसा दिया गया था।
भूपेश बघेल का आरोप – 5 करोड़ से ज्यादा का काम बिना टेंडर
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जंबूरी के नाम पर 5 करोड़ रुपये से अधिक का काम बिना टेंडर कराया गया। उन्होंने इसे भ्रष्टाचार बताया और कहा कि अगर सरकार पाक-साफ है तो निष्पक्ष जांच कराए।
ACB/EOW तक पहुंचा मामला
कांग्रेस ने पूरे मामले की शिकायत ACB/EOW में दर्ज कराई है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि नियमों को ताक पर रखकर निजी कंपनी को फायदा पहुंचाया गया। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्काउट्स एंड गाइड्स राज्य परिषद का बड़ा फैसला
विवादों के बीच भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, छत्तीसगढ़ राज्य परिषद ने सांसद और वैधानिक अध्यक्ष बृजमोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक कर जंबूरी को स्थगित करने का निर्णय लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि यदि इसके बावजूद आयोजन होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी स्कूल शिक्षा विभाग की होगी।
शिक्षा विभाग का स्पष्टीकरण
हालांकि शिक्षा विभाग ने जंबूरी के स्थगन की खबर को भ्रामक बताया है। विभाग का कहना है कि जंबूरी अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगी और 8 जनवरी को आयोजन स्थल पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी जानकारी दी जाएगी।
शिक्षा मंत्री और सीएम का जवाब
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि 5 करोड़ का पूरा काम जेम पोर्टल से हो रहा है और विपक्ष बेबुनियाद आरोप लगा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रेस वार्ता के बाद सभी विषय साफ हो जाएंगे।





