July 31, 2026

नौगई तिहरे हत्याकांड पर गरमाई सियासत, करणी सेना ने CBI जांच और गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग की

कोरिया। कोरिया जिले के चर्चित नौगई तिहरे हत्याकांड को लेकर सोमवार को करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत बैकुंठपुर पहुंचे। उन्होंने मृतक भरत सिंह की तेरहवीं में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। इस दौरान करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर समेत संगठन के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और समाज के लोग मौजूद रहे।

डॉ. राज शेखावत ने कहा कि नौगई तिहरे हत्याकांड में पीड़ित परिवार अब तक न्याय से वंचित महसूस कर रहा है। उन्होंने प्रदेश के गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि यदि कानून-व्यवस्था प्रभावी ढंग से नहीं संभाली जा रही है तो जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

CBI या उच्च स्तरीय SIT जांच की मांग

करणी सेना ने मामले की CBI या उच्च स्तरीय SIT जांच कराने की मांग उठाई है। डॉ. शेखावत ने कहा कि यदि जांच में किसी अधिकारी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि 19 जुलाई को नौगई में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर मृतकों को श्रद्धांजलि देंगे और न्याय की मांग करेंगे।

19 जुलाई तक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

उन्होंने कहा कि मामले में अब तक 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, लेकिन जिन अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं, उनके खिलाफ भी जांच और कार्रवाई होनी चाहिए। करणी सेना ने प्रशासन से शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने की मांग की है।

मृतक के परिजन राजेंद्र सिंह ने कहा कि परिवार को केवल न्याय चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि गवाह सामने आने से डर रहे हैं, जिससे भय का माहौल बना हुआ है। उनका कहना है कि यदि 19 जुलाई तक दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होती है तो समाज जो भी निर्णय लेगा, परिवार उसका समर्थन करेगा।

16 जून को हुई थी सनसनीखेज वारदात

गौरतलब है कि 16 जून की रात फॉर्च्यूनर वाहन में आग लगाए जाने की घटना में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष एवं व्यवसायी भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह, नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह की मौत हो गई थी। वहीं मयंक सिंह और योगेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हुए थे। मयंक सिंह का इलाज Apollo Hospital Bilaspur में और योगेंद्र सिंह का इलाज Ramkrishna CARE Hospitals में जारी है।

करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि संगठन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और दोषियों को सजा दिलाने तक संघर्ष जारी रखेगा।