रायपुर। मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में नवा रायपुर अटल विकास प्राधिकरण (NRDA) और लोक निर्माण विभाग से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
नवा रायपुर में शुरू होगी ई-बस सेवा
बैठक में नवा रायपुर में बैटरी ऑपरेटेड एसी ई-बसों के संचालन को लेकर प्रस्ताव पर चर्चा हुई। ई-बसों के डिजाइन, प्रोक्योरमेंट, सप्लाई, संचालन और रखरखाव के लिए ग्रॉस कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर निविदा आमंत्रित करने के प्रस्ताव की समीक्षा की गई।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण के कार्यालय सहित अन्य कार्यालय भवनों के निर्माण से संबंधित प्रस्ताव पर भी अधिकारियों ने चर्चा की।
रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा फोरलेन पर चर्चा
लोक निर्माण विभाग की ओर से रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा फोरलेन मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया। करीब 37 किलोमीटर लंबे इस मार्ग की तकनीकी जरूरतों और निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने परियोजना के लिए प्रभावित भूमि के अर्जन, भूमि व्यपवर्तन और निर्माण कार्य की तैयारियों की जानकारी समिति के सामने रखी।
अकलतरा बायपास को लेकर भी हुआ मंथन
जांजगीर-चांपा जिले में करीब 6.70 किलोमीटर लंबे अकलतरा बायपास मार्ग के निर्माण प्रस्ताव पर भी विस्तार से विचार किया गया। बैठक में परियोजना से जुड़े तकनीकी और निर्माण संबंधी पहलुओं की समीक्षा करते हुए आगे की प्रक्रिया पर चर्चा हुई।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, योजना विभाग के सचिव भूवनेश यादव, ऊर्जा विभाग के सचिव सारांश मित्तर, NRDA के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार सहित वित्त, लोक निर्माण और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिन परियोजनाओं पर चर्चा हुई, उनमें रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा फोरलेन और अकलतरा बायपास की प्रमुख विशेषताओं की तुलना भी विकास प्राथमिकताओं को स्पष्ट करती है।





