September 4, 2026

नवा रायपुर में आवासीय सुविधाओं को मिलेगी रफ्तार, सेक्टर-12 में 119.89 करोड़ की लागत से बनेगा हाउसिंग प्रोजेक्ट

रायपुर। नया रायपुर अटल नगर में आवासीय सुविधाओं के विस्तार को लेकर छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड ने एक और बड़ा कदम उठाया है। आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने सेक्टर-12 में हाउसिंग बोर्ड फेस-2 के तहत प्रस्तावित आवास निर्माण योजना का भूमिपूजन किया। इस परियोजना के पूरा होने से नवा रायपुर में आवासीय सुविधाओं का विस्तार होगा और शहर में आबादी बसाने के लक्ष्य को भी गति मिलने की उम्मीद है।

सेक्टर-12 फेस-2 में 119.89 करोड़ रुपए की लागत से आवासीय परियोजना विकसित की जाएगी। करीब 29.20 एकड़ भूमि पर एचआईजी और एमआईजी श्रेणी के आवासों का निर्माण प्रस्तावित है। परियोजना के तहत 348 भवनों का निर्माण किया जाएगा, जबकि 704 नए फ्लैट भी तैयार किए जाएंगे।

इन आवासों की बेस प्राइस 45.70 लाख रुपए से लेकर 85.117 लाख रुपए तक निर्धारित की गई है। हाउसिंग बोर्ड की इस परियोजना को लेकर लोगों में भी अच्छा रुझान देखने को मिल रहा है।

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि नए आवासों के निर्माण से नवा रायपुर में 5 लाख लोगों को शिफ्ट करने के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि आवासीय परियोजनाओं के साथ-साथ क्षेत्र में सड़क, पानी, बिजली समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास पर भी लगातार काम किया जा रहा है। यही वजह है कि नवा रायपुर के हाउसिंग प्रोजेक्ट्स को लोगों से अच्छा रिस्पांस मिल रहा है।