रायपुर। रायपुर के पुरानीबस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत भांठागांव स्थित अवधपुरी में नीट की तैयारी कर रहे एक छात्र ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्र ने दो मंजिला इमारत से गले में जीआई तार बांधकर छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वह फंदे पर लटका मिला। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
मृतक की पहचान रायगढ़ निवासी पुष्पेंद्र पटेल के रूप में हुई है। वह भांठागांव में किराए के मकान में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
सूचना मिलते ही पुरानीबस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। छात्र के इस कदम के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।





