NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर बुधवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के निवास का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर झूमाझपटी हुई, जिसमें भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का कुर्ता फट गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा और प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज भी किया गया।
पुलिस ने केंद्रीय मंत्री के निवास के बाहर पहले से बैरिकेडिंग कर रखी थी। प्रदर्शनकारी जब बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने लगे तो उनकी पुलिस से सीधी भिड़ंत हो गई। इस दौरान विधायक देवेंद्र यादव और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की भी हुई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन चलाया और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बसों के जरिए मौके से हटाया। प्रदर्शन में एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
एनएसयूआई नेताओं ने कहा कि NEET पेपर लीक मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन और हंगामे के बाद कार्यकर्ता वापस लौट गए।
पुलिस प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल भी तैनात किया था।





