रायपुर। नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर बिलासपुर में हुए NSUI के विरोध प्रदर्शन पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कराने और लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, नीट पेपर लीक मामले को लेकर NSUI कार्यकर्ता सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के निवास का घेराव करने पहुंचे थे। पुलिस ने सांसद के बंगले से पहले ही बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई। हंगामे के दौरान भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का कुर्ता भी फट गया।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद प्रदर्शनकारी कलेक्टर कार्यालय की ओर बढ़ने लगे, जिस पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। घटना में 12 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया, जिन्हें बाद में मुचलके पर रिहा कर दिया गया। वहीं छह से अधिक कार्यकर्ता घायल हुए हैं, जिनका इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है। पुलिस का दावा है कि झड़प के दौरान कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपक बैज ने आरोप लगाया कि NSUI ने पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित किया था, लेकिन सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन ने बल प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि लाठीचार्ज में कई छात्र और कार्यकर्ता घायल हुए हैं तथा कुछ को गंभीर चोटें आई हैं।
बैज ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या लोकतंत्र में छात्रों और युवाओं को अपनी आवाज उठाने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे मुद्दों पर जवाब देने के बजाय सरकार विरोध की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि छात्रों और युवाओं के शांतिपूर्ण आंदोलनों पर बल प्रयोग की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।





