Central Bureau of Investigation ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के Latur से रिटायर्ड केमिस्ट्री प्रोफेसर P. V. Kulkarni को गिरफ्तार कर लिया है। CBI के मुताबिक कुलकर्णी ही पूरे पेपर लीक कांड का मास्टरमाइंड था।
जांच एजेंसी के अनुसार कुलकर्णी चार साल पहले एक प्रतिष्ठित कॉलेज से सेवानिवृत्त हुए थे और NEET-UG केमिस्ट्री प्रश्नपत्र तैयार करने वाली समिति का हिस्सा रह चुके थे।
कोचिंग सेंटर को सुपरहिट बनाने के लिए लीक किया पेपर
CBI सूत्रों के मुताबिक यह कोई बड़ा संगठित सिंडिकेट नहीं था, बल्कि कुलकर्णी ने अपने कोचिंग सेंटर को सफल बनाने के लिए जानबूझकर पेपर लीक किया। उसने छात्रों को परीक्षा में आने वाले सवाल, विकल्प और सही जवाब पहले ही बता दिए थे।
बताया गया कि कुलकर्णी ने अपनी सहयोगी Manisha Waghmare के जरिए पुणे स्थित घर पर स्पेशल कोचिंग क्लास चलाई थी। इन क्लासों में शामिल छात्रों से लाखों रुपये फीस वसूली गई।
एक छात्र की गलती से खुली पोल
CBI के अनुसार कुलकर्णी की योजना तब उजागर हुई जब उसकी कोचिंग के ही एक छात्र ने पैसे की भरपाई के लिए लीक हुआ “गेस पेपर” सोशल मीडिया पर दूसरे कोचिंग संचालकों और लोगों को भेज दिया। इसके बाद पेपर तेजी से सैकड़ों लोगों तक पहुंच गया।
हालांकि जांच एजेंसी का कहना है कि कई छात्रों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन कुछ लोगों ने इसका फायदा उठाने की कोशिश की।
देशभर में छापेमारी
पिछले 24 घंटों में CBI ने कई राज्यों में छापेमारी की। इस दौरान मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं। सभी डिजिटल सबूतों को फोरेंसिक जांच के लिए CFSL भेजा गया है।
अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार
CBI ने बताया कि जांच में पेपर लीक के असली स्रोत और छात्रों तक पहुंचाने वाले बिचौलियों की पहचान हो चुकी है। एजेंसी अब तक इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।





