रायपुर। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 री-एग्जाम का परिणाम घोषित कर दिया है। मेडिकल प्रवेश परीक्षा में छत्तीसगढ़ के शिप्रक गोयल ने 99.9931 परसेंटाइल हासिल कर प्रदेश में संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 117 हासिल की। वहीं चार्वी अग्रवाल ने भी 99.9931 परसेंटाइल के साथ प्रदेश में संयुक्त रूप से टॉप किया है।
‘पढ़ाई को कभी बोझ नहीं माना’
अपनी सफलता का राज बताते हुए शिप्रक गोयल ने कहा कि उन्होंने कभी भी पढ़ाई को तनाव या बोझ नहीं समझा। वे रोजाना 8 से 10 घंटे नियमित और एकाग्र होकर पढ़ाई करते थे। उनका मानना है कि लंबे समय तक पढ़ने से ज्यादा जरूरी है फोकस और गुणवत्ता के साथ पढ़ाई करना।
तनाव दूर करने के लिए फिल्म और खेल का सहारा
शिप्रक ने बताया कि जब भी तैयारी के दौरान मानसिक दबाव महसूस होता था, वे कुछ समय के लिए टहलने निकल जाते थे, फिल्म देखते थे या खेलकूद में समय बिताते थे। इससे उनका मन शांत रहता था और वे नई ऊर्जा के साथ दोबारा पढ़ाई शुरू कर पाते थे।
उन्होंने कहा कि कई छात्र 14 से 16 घंटे पढ़ाई करने की बात करते हैं, लेकिन उन्होंने केवल 8 से 10 घंटे की नियमित, योजनाबद्ध और गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई के दम पर यह उपलब्धि हासिल की। पढ़ाई और खेल के बीच संतुलन बनाए रखना उनकी सफलता का अहम हिस्सा रहा।
NEET अभ्यर्थियों को दी खास सलाह
शिप्रक गोयल ने NEET की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को सलाह दी कि पढ़ाई को तनाव नहीं, बल्कि सीखने की प्रक्रिया मानें। यदि कभी मानसिक दबाव महसूस हो तो कुछ समय का ब्रेक लें, अपनी पसंद का काम करें और फिर पूरी ऊर्जा के साथ तैयारी में जुट जाएं।
उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही वे एक डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अपने नोट्स और तैयारी की रणनीति अन्य छात्रों के साथ साझा करेंगे, ताकि मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।





