January 16, 2026

चंद्रखुरी कौशल्या माता मंदिर में प्रभु श्रीराम की नई प्रतिमा 14 जनवरी के बाद होगी स्थापित

भगवान श्रीराम के ननिहाल के रूप में प्रसिद्ध चंद्रखुरी स्थित कौशल्या माता मंदिर में प्रभु श्रीराम की नई प्रतिमा मकर संक्रांति (14 जनवरी) के बाद लाई जाएगी। पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रभु श्रीराम की नई प्रतिमा पूरी तरह बनकर तैयार हो चुकी है और मूर्तिकार का भुगतान भी कर दिया गया है।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि प्रतिमा के रायपुर पहुंचने के बाद पूरे विधि-विधान और वैदिक परंपरा के अनुसार स्थापना की जाएगी।

पुरानी प्रतिमा को लेकर था विवाद

उल्लेखनीय है कि माता कौशल्या मंदिर परिसर में पूर्व में स्थापित भगवान श्रीराम की विशालकाय प्रतिमा कांग्रेस शासनकाल में बनवाई गई थी, जिसे लेकर प्रतिमा के मुखाकृति और शारीरिक अनुपात पर भाजपा ने आपत्ति जताई थी।

प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद पुरानी प्रतिमा को हटाकर नई प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया गया था।

ग्वालियर के मूर्तिकार ने किया निर्माण

नई प्रतिमा के निर्माण की जिम्मेदारी मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी मूर्तिकार दीपक विश्वकर्मा को सौंपी गई थी। भुगतान प्रक्रिया में देरी के कारण प्रतिमा का कार्य कुछ समय के लिए रुका रहा, लेकिन अब पूर्ण भुगतान होने के बाद प्रतिमा को चंद्रखुरी लाने की तैयारी पूरी कर ली गई है

नई प्रतिमा की स्थापना के साथ ही कौशल्या माता मंदिर परिसर की धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा को और अधिक भव्य स्वरूप मिलने की उम्मीद है।