July 31, 2026

NGT का बड़ा आदेश: रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेल गतिविधियों पर अंतरिम रोक

रायपुर। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने जल संरक्षण नियमों के पालन में लापरवाही को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम समेत देश के तीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर अंतरिम रोक लगा दी है। एनजीटी की मंजूरी के बिना अब इन स्टेडियमों में कोई भी खेल आयोजन नहीं हो सकेगा।

एनजीटी के अंतरिम आदेश के दायरे में रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुंबई का डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम और जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम शामिल हैं। मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त को निर्धारित की गई है।

नोटिस के बावजूद नहीं दिया जवाब

एनजीटी के अनुसार, केंद्रीय भूजल प्राधिकरण (CGWA) और अधिकरण की ओर से कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन रायपुर, मुंबई और जयपुर के संबंधित स्टेडियमों ने अब तक अपना जवाब दाखिल नहीं किया। इसी कारण अधिकरण ने इन स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर अंतरिम प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया।

जल संरक्षण व्यवस्था पर जताई नाराजगी

एनजीटी ने कहा कि देश के कई हिस्सों में गंभीर जल संकट बना हुआ है। ऐसे में बड़े खेल परिसरों की जिम्मेदारी है कि वे भूजल के उपयोग, पानी के पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग जैसी व्यवस्थाओं का प्रभावी ढंग से पालन करें। अधिकरण ने इन स्टेडियमों में जल संरक्षण संबंधी व्यवस्थाओं को पर्याप्त नहीं मानते हुए नाराजगी जताई है।

अप्रैल में मांगी गई थी जानकारी

गौरतलब है कि अप्रैल में एनजीटी ने देश के छह प्रमुख क्रिकेट स्टेडियमों से मैदान और पिचों के रखरखाव में उपयोग किए जाने वाले पानी के स्रोत तथा जल प्रबंधन व्यवस्था की विस्तृत जानकारी मांगी थी। इनमें रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम, नई दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम, लखनऊ का भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम, कटक का बाराबती स्टेडियम, जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम और मुंबई का डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम शामिल थे।

अरुण जेटली स्टेडियम और इकाना स्टेडियम अपना जवाब दाखिल कर चुके हैं, जबकि बाराबती स्टेडियम ने जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा है। वहीं रायपुर, मुंबई और जयपुर के स्टेडियमों की ओर से जवाब नहीं मिलने पर एनजीटी ने अंतरिम रोक लगाने का आदेश जारी किया है।