July 29, 2026

13 जून को रायपुर में NHM कर्मचारियों का प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन, CM विष्णुदेव साय होंगे मुख्य अतिथि

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ द्वारा 13 जून 2026 को रायपुर के स्व. बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों और अधिकारियों की एकजुटता, योगदान एवं उपलब्धियों को समर्पित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी शामिल होंगे।

महासम्मेलन में विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में डॉ. रमन सिंह, अरुण साव, विजय शर्मा तथा श्याम बिहारी जायसवाल सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।

संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम में उप-स्वास्थ्य केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, मंत्रालय और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत 18 हजार से अधिक कर्मचारी एवं अधिकारी अपने परिवारों सहित शामिल होंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

21 वर्षों की सेवा यात्रा का उत्सव

संघ ने बताया कि यह महासम्मेलन केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की 21 वर्षों की स्वास्थ्य सेवा यात्रा, कर्मचारियों के योगदान, संघर्ष और उपलब्धियों का सामूहिक उत्सव भी होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों के बीच समन्वय, संवाद और संगठनात्मक एकता को और मजबूत करना है।

मुख्यमंत्री को दिया गया आमंत्रण

छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए महासम्मेलन के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित मिरी, डॉ. रविशंकर दीक्षित, प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास, डॉ. आलोक शर्मा और डॉ. तृप्ति तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।