May 14, 2026

रायपुर : BP मशीन के डिब्बे में कोकिन सप्लाई, नाइजीरियन ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़

रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट का बड़ा खुलासा करते हुए एक नाइजीरियन नागरिक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह रैकेट नाइजीरिया से संचालित हो रहा था और बीपी मशीन के डिब्बे में कोरियर के जरिए कोकिन की सप्लाई की जा रही थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9.70 लाख रुपये नगद, 5 मोबाइल और 3 चेकबुक जब्त किए हैं। कार्रवाई रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

मामले की शुरुआत 19 मार्च को देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में दबिश से हुई थी, जहां से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 4.55 ग्राम कोकिन और नकदी बरामद की गई थी। पूछताछ में अंतर्राष्ट्रीय गिरोह से जुड़े होने का खुलासा हुआ।

जांच के दौरान पुलिस टीम दिल्ली पहुंची और तिलक नगर क्षेत्र से सन्नी शर्मा (26) और नाइजीरिया निवासी तोचकू अफामे उर्फ प्रिन्स चार्ल्स (38) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कोकिन को बीपी मशीन के बॉक्स में छिपाकर कोरियर से भेजा जाता था।

रैकेट का मास्टरमाइंड नाइजीरिया में बैठा चिची बताया जा रहा है। आरोपी सन्नी शर्मा ने अपना बैंक खाता कमीशन पर देकर ड्रग्स के पैसों के लेन-देन में मदद की।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक नारकोटिक्स एक्ट के 36 मामलों में 93 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और भारी मात्रा में मादक पदार्थ व अन्य सामग्री जब्त की गई है।