नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया, जिसके बाद वे निर्विरोध भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए गए। उनके समर्थन में कुल 37 प्रस्ताव दाखिल किए गए थे। खास बात यह रही कि स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उनके प्रस्तावकों में शामिल थे।
भाजपा के रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. के. लक्ष्मण ने चुनाव प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। नियमों के अनुसार, चुनाव तब शुरू किया गया जब देश के 36 में से 30 राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव संपन्न हो चुका था, जो आवश्यक 50 प्रतिशत से कहीं अधिक है।
37 नामांकन पत्र किए गए दाखिल
डॉ. लक्ष्मण ने बताया कि सोमवार दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक नामांकन की प्रक्रिया चली। इस दौरान नितिन नबीन के समर्थन में 37 सेट नामांकन पत्र जमा किए गए। सभी नामांकन पत्रों की गहन जांच की गई, जो पूरी तरह वैध पाए गए।
नामांकन वापसी की समय-सीमा समाप्त होने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि अध्यक्ष पद के लिए केवल नितिन नबीन का ही नामांकन वैध है। इसके बाद चुनाव अधिकारी ने औपचारिक रूप से उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर दिया।
16 जनवरी को जारी हुई थी अधिसूचना
रिटर्निंग ऑफिसर ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव को लेकर 16 जनवरी 2026 को आधिकारिक सूचना जारी की गई थी। इसके बाद संगठनात्मक नियमों के तहत प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव पूर्ण होने पर राष्ट्रीय स्तर की प्रक्रिया शुरू की गई।
संगठन में उत्साह का माहौल
नितिन नबीन के निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में पार्टी संगठन को नई दिशा मिलेगी और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए भाजपा और अधिक मजबूत होगी।





