March 3, 2026

केरल विधानसभा चुनाव की तैयारी में भाजपा, विनोद तावड़े बने प्रभारी, शोभा करंदलाजे को मिली सह-प्रभारी जिम्मेदारी

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते ही नितिन नबीन का एक्शन मोड, केरल चुनाव के लिए की बड़ी नियुक्तियां।


✍️ नई दिल्ली |

भारतीय जनता पार्टी ने केरल विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा ने वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े को केरल विधानसभा चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया है, जबकि केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे को सह-प्रभारी बनाया गया है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालने के पहले ही दिन नितिन नबीन ने संगठन में अहम नियुक्तियां कर दी हैं। इन नियुक्तियों को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने आधिकारिक पत्र जारी किया है।

केरल में वर्तमान में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) की सरकार है और पिनाराई विजयन मुख्यमंत्री हैं। भाजपा अब तक केरल की सत्ता में नहीं पहुंच सकी है। राज्य में विधानसभा की कुल 140 सीटें हैं, जिन पर भाजपा इस बार मजबूत चुनौती देने की रणनीति बना रही है।


🗳️ केरल में भाजपा की बढ़ती सियासी ताकत

केरल में हाल के वर्षों में भाजपा की राजनीतिक मौजूदगी लगातार बढ़ी है। पहली बार केरल में भाजपा का मेयर चुना गया है।

तिरुवनंतपुरम नगर निगम के मेयर चुनाव में भाजपा के वीवी राजेश को 51 वोट मिले, जिसमें एक निर्दलीय पार्षद का समर्थन भी शामिल रहा। वहीं LDF के पी शिवाजी को 29 वोट और कांग्रेस गठबंधन (UDF) के केएस सबरिनाथन को 19 वोट मिले, जिनमें से दो बाद में अमान्य घोषित कर दिए गए।

9 दिसंबर को आए नतीजों में तिरुवनंतपुरम नगर निगम के 101 वार्डों में से 50 पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। LDF को 29 और कांग्रेस गठबंधन (UDF) को 19 वार्ड मिले थे। करीब 45 वर्षों बाद LDF का दबदबा टूटा और भाजपा को ऐतिहासिक बढ़त मिली।

तिरुवनंतपुरम कांग्रेस सांसद शशि थरूर का गढ़ माना जाता है, जहां भाजपा की यह जीत राजनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जा रही है।


🚀 नितिन नबीन के नेतृत्व में नया अध्याय

भारतीय जनता पार्टी में आज से ‘नबीन अध्याय’ की शुरुआत हो गई है। लंबे इंतजार के बाद नितिन नबीन भाजपा के निर्विरोध 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं।

मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में उन्होंने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा,

“आज से नितिन नबीन जी मेरे बॉस हैं। मैं उनका कार्यकर्ता हूं। अब नितिन नबीन जी हम सभी के अध्यक्ष हैं और उनका दायित्व सिर्फ भाजपा को संभालना ही नहीं, बल्कि एनडीए के सभी साथियों के बीच तालमेल बनाना भी है।”


🔥 भाजपा का फोकस: केरल में सत्ता का रास्ता

भाजपा नेतृत्व का साफ संदेश है कि अब केरल में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। विनोद तावड़े और शोभा करंदलाजे की नियुक्ति को 2026 विधानसभा चुनाव की रणनीतिक शुरुआत माना जा रहा है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, भाजपा इस बार केरल में शहरी के साथ-साथ ग्रामीण और तटीय क्षेत्रों पर भी विशेष फोकस करेगी।