September 4, 2026

दिल्ली में किरण सिंह देव से मिले नितिन नबीन, इलाज का लिया जायजा; मुलाकात के बाद सियासी चर्चाएं तेज

रायपुर। सड़क हादसे में घायल छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव का दिल्ली के मेदांता अस्पताल में इलाज जारी है। इसी बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अस्पताल पहुंचकर किरण सिंह देव से मुलाकात की। उन्होंने उनका कुशलक्षेम जाना और डॉक्टरों से इलाज की स्थिति की जानकारी ली।

किरण सिंह देव ने जताया आभार

मुलाकात के बाद किरण सिंह देव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए नितिन नबीन का आभार जताया। उन्होंने लिखा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दिल्ली में आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और शुभेक्षाएं प्रेषित कीं। उन्होंने नितिन नबीन के स्नेह, आत्मीयता और शुभेक्षाओं के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।

बागेश्वर धाम से लौटते समय हुआ था हादसा

बता दें कि किरण सिंह देव 29 जुलाई को उत्तर प्रदेश में सड़क हादसे का शिकार हुए थे। वह परिवार के साथ बागेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान झांसी-ललितपुर हाईवे पर सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। इससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक से जा टकराई।

हादसे के वक्त किरण सिंह देव के साथ उनकी सुरक्षा में तैनात पीएसओ भी वाहन में मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार में सफर कर रहे थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। इसके बाद 30 जुलाई को उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया।

मुलाकात को लेकर सियासी चर्चाएं तेज

नितिन नबीन और किरण सिंह देव की मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसे कुछ लोग प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के संभावित बदलाव से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, मुलाकात का मुख्य उद्देश्य किरण सिंह देव के स्वास्थ्य और इलाज की जानकारी लेना ही बताया गया है।