July 29, 2026

नियद नेल्लानार 2.0 के जरिए माओवादी प्रभावित गांवों तक पहुंचेगी सरकार, 31 योजनाओं का मिलेगा लाभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी Niyad Nellanar Yojana 2.0 के जरिए माओवादी प्रभावित और सुदूर इलाकों के ग्रामीणों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया जा रहा है। योजना के दूसरे चरण में वामपंथी उग्रवाद से मुक्त हुए गांवों तक सरकारी योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने पर फोकस रहेगा।

मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव Amitabh Jain की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में नियद नेल्लानार 2.0, Bastar Munne Yojana और Sughghar Chhattisgarh Yojana की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि पहले चरण में बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, कांकेर और नारायणपुर जिलों के सुरक्षा कैंपों के आसपास स्थित गांवों में 25 हितग्राही मूलक और 14 सामुदायिक सुविधाएं पहुंचाई गई थीं। अब दूसरे चरण में 31 व्यक्तिगत योजनाओं, 14 सामुदायिक सुविधाओं और 10 आवश्यक सेवाओं को सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाया जाएगा।

योजना के तहत मनरेगा जॉब कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, जल जीवन मिशन, पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड, वोटर आईडी, वनाधिकार पत्र, श्रम कार्ड और विभिन्न प्रमाण पत्रों का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाएगा।

इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य सेवाएं, राशन दुकानें, सड़क और मोबाइल कनेक्टिविटी, पंचायत भवन, बैंक, डाकघर, वन धन विकास केंद्र और ब्लॉक स्तर पर नए कॉलेज जैसी सामुदायिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को समन्वय के साथ तय समयसीमा में योजनाओं को जमीन पर लागू करने के निर्देश दिए।