रायपुर। छत्तीसगढ़ में मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी राहत मिली है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राज्य के 11 मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की 1530 सीटों को मंजूरी दे दी है। इनमें 10 सरकारी और एक निजी मेडिकल कॉलेज शामिल हैं। इससे राज्य में एमबीबीएस प्रवेश प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है।
प्रदेश में वर्तमान में एमबीबीएस की कुल 2330 सीटें हैं। हालांकि चार निजी मेडिकल कॉलेजों की सीटों के नवीनीकरण की प्रक्रिया अभी लंबित है। वहीं नए मेडिकल कॉलेजों और अतिरिक्त सीटों को मंजूरी मिलने के बाद इस वर्ष कुल सीटों में 150 से 300 तक की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दंतेवाड़ा, कवर्धा और जांजगीर-चांपा में प्रस्तावित नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों को पहली बार एनएमसी से मान्यता मिलने की उम्मीद है। दूसरी ओर कुनकुरी और मनेंद्रगढ़ में स्वास्थ्य संस्थानों के उन्नयन का कार्य जारी होने के कारण फिलहाल वहां मंजूरी मिलने की संभावना कम मानी जा रही है।
एनएमसी ने जिन मेडिकल कॉलेजों की सीटों का नवीनीकरण किया है, उन्हें 45 दिनों के भीतर निरीक्षण में बताई गई कमियों को दूर करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने कई सरकारी मेडिकल कॉलेजों में फैकल्टी और आधारभूत सुविधाओं की कमी की ओर भी ध्यान आकर्षित किया है।
राजधानी रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज ने एमबीबीएस सीटों की संख्या 230 से बढ़ाकर 250 करने का प्रस्ताव भेजा है। फिलहाल 230 सीटों को मंजूरी मिली है, जबकि अतिरिक्त 20 सीटों पर निर्णय जल्द आने की उम्मीद है। वहीं एक निजी मेडिकल कॉलेज ने भी अपनी सीटें 150 से बढ़ाकर 250 करने का प्रस्ताव रखा है। इसके अलावा रायपुर में एक नए निजी मेडिकल कॉलेज के संचालन की तैयारी अंतिम चरण में है। एनएमसी से मंजूरी मिलने पर प्रदेश को 150 नई एमबीबीएस सीटों का अतिरिक्त लाभ मिल सकता है।





