रायपुर। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया ने छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने की मांग को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। रायपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में संगठन ने कहा कि लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव नहीं होने से छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।
27 मार्च से आंदोलन की शुरुआत
प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने बताया कि आंदोलन की शुरुआत 27 मार्च से होगी। इस दिन प्रदेश के सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
6 अप्रैल को विश्वविद्यालयों का घेराव
इसके बाद 6 अप्रैल को प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों का एक साथ घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
इन मुद्दों पर होगा आंदोलन
NSUI ने बताया कि आंदोलन के प्रमुख मुद्दे इस प्रकार हैं—
- छात्रसंघ चुनाव की बहाली
- छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का संरक्षण
- बढ़ती फीस और छात्रवृत्ति में देरी
- शिक्षकों की कमी
- परीक्षा और परिणाम में अनियमितता
- प्लेसमेंट, हॉस्टल, परिवहन और डिजिटल संसाधनों की समस्याएं
- प्रशासन की उदासीनता
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
इस ऐलान के बाद प्रदेश में छात्र राजनीति एक बार फिर गरमाने के संकेत मिल रहे हैं।





