July 31, 2026

आईजीकेवी छात्रावास में छत गिरने से छात्र घायल, एनएसयूआई का प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आईजीकेवी) के एक छात्रावास में छत का हिस्सा गिरने से एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र के सिर में टांके लगाने पड़े। घटना के बाद एनएसयूआई ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए छात्र सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए।

एनएसयूआई के प्रदेश सचिव महताब हुसैन के नेतृत्व में छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्र कुलपति की गाड़ी के सामने लेट गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

महताब हुसैन ने आरोप लगाया कि यह घटना विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने कहा कि छात्रावासों की जर्जर स्थिति को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई। उनका कहना है कि यदि प्रशासन ने जिम्मेदारी निभाई होती तो यह हादसा नहीं होता।

एनएसयूआई ने छात्रावासों की मरम्मत एवं रखरखाव के लिए स्वीकृत बजट, उसके उपयोग और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की उच्चस्तरीय तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराने की मांग की है। संगठन ने छात्र कल्याण अधिष्ठाता (डीएसडब्ल्यू), इंजीनियरिंग शाखा तथा इस मामले के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें पद से हटाने की मांग भी की है। साथ ही प्रदेश के सभी विश्वविद्यालय छात्रावासों का स्वतंत्र सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की गई है।

एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई और छात्रावासों की जर्जर स्थिति में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में व्यापक रूप दिया जाएगा।