बिलासपुर। एनटीपीसी सीपत में निर्माण कार्य के दौरान प्लेटफार्म टूटने से हुए हादसे में दो मजदूरों की मौत के मामले में पुलिस ने सात महीने की जांच के बाद ठेकेदार कंपनी के मालिक और साइट इंचार्ज के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ी निवासी श्याम कुमार साहू (26) और प्रताप सिंह कंवर (22) एनटीपीसी सीपत में ठेका कंपनी गोरखपुर कंस्ट्रक्शन में श्रमिक के रूप में काम करते थे। 6 अगस्त 2025 की सुबह वे अपने साथियों संत कुमार साहू, प्रिंस यादव और मनीष वर्मा के साथ एनटीपीसी के स्टेज-02 यूनिट-05 के पहले फ्लोर पर निर्माण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक प्लेटफार्म का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया।
हादसे में प्लेटफार्म के नीचे दबने से श्याम कुमार साहू और प्रताप सिंह कंवर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ऊंचाई से गिरने के कारण संत कुमार साहू, प्रिंस यादव और मनीष वर्मा भी घायल हो गए। मौके पर मौजूद श्रमिकों और कर्मचारियों ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। श्याम कुमार साहू को सिम्स बिलासपुर और प्रताप सिंह कंवर को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। वहीं अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान गवाहों और परिजनों के बयान दर्ज किए गए, घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का अध्ययन किया गया।
जांच में सामने आया कि ठेका कंपनी की ओर से श्रमिकों के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। मजदूरों को जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए बिना ऊंचाई पर काम कराया जा रहा था। इसी लापरवाही के कारण प्लेटफार्म टूटने से मजदूर नीचे गिर गए और गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने जांच में लापरवाही पाए जाने पर गोरखपुर कंस्ट्रक्शन कंपनी प्राइवेट लिमिटेड के प्रोपाइटर आनंद प्रकाश गिरि और साइट इंचार्ज रवि पांडे के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





