September 4, 2026

जगदलपुर में ओडिशा पुलिस की दबिश: पिस्टल की नोक पर हिस्ट्रीशीटर टुन्ना महाजन गिरफ्तार

जगदलपुर। बस्तर के जगदलपुर स्थित नए बस स्टैंड में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ओडिशा पुलिस ने सिविल ड्रेस में पहुंचकर एक हिस्ट्रीशीटर को घेरकर गिरफ्तार कर लिया। शराब दुकान के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी को चारों तरफ से घेर लिया और पिस्टल की नोक पर दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान टुन्ना महाजन के रूप में बताई जा रही है, जो ओडिशा से फरार होकर बस्तर पहुंचा था।

चारों तरफ से घेरकर दबोचा

जानकारी के मुताबिक, ओडिशा पुलिस को टुन्ना महाजन के जगदलपुर में मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद सिविल ड्रेस में पहुंची पुलिस टीम ने नए बस स्टैंड के पास शराब दुकान के करीब उसे घेर लिया। पुलिसकर्मियों ने आरोपी को चारों तरफ से घेरकर काबू किया और अपने साथ ले गई।

इस कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में पुलिसकर्मी आरोपी को पकड़कर ले जाते नजर आ रहे हैं। वहीं, उसके सिर के पास पिस्टल तनी हुई दिखाई दे रही है। कार्रवाई के दौरान एक पुलिसकर्मी की आवाज भी सुनाई देती है, जिसमें वह आरोपी को गोली मारने की चेतावनी देता नजर आ रहा है।

चोरी और डकैती के कई मामलों में नाम

ओडिशा पुलिस के मुताबिक, टुन्ना महाजन के खिलाफ चोरी और डकैती के कई मामले दर्ज हैं। उस पर बोरिगुमा पुलिस पर पांच राउंड फायरिंग करने का भी आरोप है। इसी मामले में ओडिशा पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। उसके बस्तर में होने की जानकारी मिलने के बाद टीम ने जगदलपुर पहुंचकर कार्रवाई की।

बस्तर के मंदिरों में चोरी से भी कनेक्शन

पुलिस के अनुसार, टुन्ना महाजन के तार बस्तर में हुई चोरी की कुछ वारदातों से भी जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। इनमें गिरोला मंदिर समेत अन्य मंदिरों में हुई चोरी की घटनाएं शामिल हैं। अब पुलिस इन वारदातों में उसकी कथित भूमिका की भी जांच कर रही है।

पिस्टल और चोरी का सोना बरामद

ओडिशा पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी के कब्जे से एक कंट्री मेड पिस्टल और चोरी का सोना बरामद किया गया है। बरामद सामान को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।

ओडिशा से फरार होकर बस्तर पहुंचे टुन्ना महाजन को पुलिस ने नए बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद ओडिशा पुलिस उसे अपने साथ ले गई है। अब ओडिशा में दर्ज मामलों के साथ-साथ बस्तर में हुई चोरी की वारदातों में उसकी कथित भूमिका को लेकर भी आगे की जांच की जा रही है।