बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने भारतीय रेल में अपनी नंबर वन की स्थिति बरकरार रखते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जोन ने वित्तीय वर्ष समाप्त होने से 10 दिन पहले ही 21 मार्च को 29,493.59 करोड़ रुपए का सर्वाधिक ऑरिजिनेटिंग फ्रेट रेवेन्यू अर्जित किया है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में जोन ने माल ढुलाई के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रदर्शन किया है और भारतीय रेल में सबसे ज्यादा माल राजस्व अर्जित करने वाला जोन बनकर उभरा है। कुल माल राजस्व में इसका 17.13 प्रतिशत का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3.6 प्रतिशत (करीब 1026 करोड़ रुपए) अधिक है।
इसके साथ ही 20 मार्च को मात्र 354 दिनों में अब तक का सर्वाधिक नेट टन किलोमीटर (NTKM) हासिल किया गया, जो पिछले साल से 11 दिन पहले की उपलब्धि है। 22 मार्च तक 146.75 बिलियन NTKM दर्ज कर जोन ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया, जिसमें पिछले वर्ष की तुलना में 3.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
जोन में अधोसंरचना विकास के कार्य भी तेजी से जारी हैं। कई महत्वपूर्ण रेल खंडों में तीसरी और चौथी लाइन शुरू होने से माल परिवहन सुगम हुआ है और समयबद्धता में सुधार आया है। यह सफलता अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, कुशल प्रबंधन और बेहतर संचालन का परिणाम मानी जा रही है।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए त्योहारों और छुट्टियों के दौरान विशेष ट्रेनों का संचालन भी किया गया, जिससे अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित कर यात्रियों को राहत मिली। महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के निर्देशन में यह उपलब्धि हासिल की गई है।





