July 30, 2026

दुर्ग: कांग्रेस नेता के बेटे समेत 9 गिरफ्तार, ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेता के बेटे समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा कांग्रेस के दो नेताओं के बीच हुए विवाद और शिकायत के बाद हुआ। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये के गहने, नकदी, मोबाइल, लैपटॉप, एटीएम कार्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं।

कांग्रेस नेताओं के विवाद से खुला मामला

जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ कांग्रेस सेवादल के प्रदेश महासचिव राजेश गुप्ता और कांग्रेस नेता अनिल सिंह के बीच हुए विवाद के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। मारपीट और गाली-गलौज की घटना के बाद अनिल सिंह ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर ऑनलाइन सट्टा कारोबार संचालित किए जाने की जानकारी दी।

शिकायत के बाद शुरू हुई जांच

27 मई को पुलिस को शिकायत मिली कि राजेश गुप्ता और उनके पुत्र निशांत कुमार गुप्ता द्वारा अन्य राज्यों में छिपकर ऑनलाइन सट्टा कारोबार संचालित किया जा रहा है और बेनामी संपत्ति अर्जित की जा रही है। शिकायत के आधार पर जांच शुरू की गई। फिलहाल राजेश गुप्ता फरार बताए जा रहे हैं।

निशांत गुप्ता समेत 9 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने छावनी थाना क्षेत्र के निवासी निशांत कुमार गुप्ता समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 6 लोग उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ और मऊ जिले के तथा 2 आरोपी बिहार के निवासी बताए गए हैं।

नागपुर से संचालित हो रहा था नेटवर्क

पूछताछ और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी निशांत कुमार गुप्ता लंबे समय से महाराष्ट्र के नागपुर और अन्य शहरों से ऑनलाइन सट्टा संचालन कर रहा था। वह कथित रूप से C-B Cricket Buzz Betting App और RubyBet जैसे ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म की आईडी संचालित करता था।

पुलिस के अनुसार शिकायत मिलने के बाद नागपुर स्थित किराये के मकान में दबिश देकर वहां से ऑनलाइन सट्टा संचालन कर रहे ऑपरेटरों को पकड़ा गया।

प्रतिमाह करोड़ों का लेन-देन

जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन सट्टे में डिपॉजिट, विड्रॉल, अकाउंट संचालन और आईडी प्रबंधन का काम करते थे। इसके बदले उन्हें 20 से 25 हजार रुपये मासिक वेतन और अन्य सुविधाएं दी जाती थीं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि प्रतिदिन लगभग 4 से 5 लाख रुपये का ऑनलाइन लेन-देन होता था, जो प्रतिमाह करीब 1.50 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता था।

लाखों के गहने, नकदी और डिजिटल उपकरण जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 28 लाख रुपये मूल्य के सोने और डायमंड के आभूषण, 1.52 लाख रुपये नकद, 29 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 2 आईपैड, 85 एटीएम कार्ड, 18 बैंक पासबुक, 45 सिम कार्ड तथा बैंक खातों और लेन-देन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं।

विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा टेलीकॉम अधिनियम की धारा 42 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।