May 15, 2026

रायगढ़ में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे पर बड़ी कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार

Raigarh। शहर में अवैध ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर यह कार्रवाई की। आरोपियों के कब्जे से करीब ढाई लाख रुपये कीमत के 7 मोबाइल फोन, 15,490 रुपये नगद और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं।

कोतवाली क्षेत्र में दो आरोपी गिरफ्तार
नयागंज कोष्टापारा इलाके में छापेमारी कर सोनू देवांगन (21) को गिरफ्तार किया गया, जो मोबाइल के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा चला रहा था। उसके मोबाइल से गूगल पे ट्रांजेक्शन और मैच से जुड़े स्क्रीनशॉट मिले हैं।
वहीं गद्दी चौक स्थित ए-वन कैफे में दबिश देकर हर्षित देवांगन (24) को पकड़ा गया, जो ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था और डिजिटल पेमेंट के माध्यम से लेनदेन कर रहा था।

घरघोड़ा में चार आरोपी गिरफ्तार
घरघोड़ा थाना क्षेत्र में गोयल ट्रेडिंग दुकान से भरत गोयल (22) को गिरफ्तार किया गया, जो आईपीएल मैचों के दौरान छक्का, चौका और विकेट पर सट्टा चला रहा था।
इसके अलावा जय स्तंभ चौक के पास गौतम भोजवानी, लक्ष्मीनारायण सिदार और सागर गुप्ता को भी ऑनलाइन सट्टा खेलाते हुए पकड़ा गया। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने पर तीनों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में जश्मित सिंह बग्गा और करण चौधरी के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की जांच जारी है।

जब्त सामान और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने कुल 7 मोबाइल फोन (लगभग ढाई लाख रुपये) और 15,490 रुपये नगद जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन सट्टा और अवैध जुए के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। आईपीएल के दौरान ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड और अन्य जुड़े लोगों की तलाश में जुटी हुई है।