रायपुर।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय स्थित सहयोग केंद्र में बुधवार को वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान 300 से अधिक लोग अपनी विभिन्न मांगों और शिकायतों को लेकर पहुंचे। वित्त मंत्री ने 100 से अधिक आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कराया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को भेजकर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
मीडिया से चर्चा के दौरान ओपी चौधरी ने बताया कि कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से तत्काल फोन पर चर्चा कर समस्याओं का समाधान कराया गया। वहीं मांग संबंधी 100 से अधिक आवेदनों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके जल्द निराकरण की प्रक्रिया शुरू कराई गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से सहयोग केंद्र का संचालन किया जा रहा है, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर अपनी शिकायतें दर्ज कराने और समाधान प्राप्त करने की सुविधा मिल सके।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक बजाज और प्रबल प्रताप जूदेव भी सहयोग केंद्र में मौजूद रहे।





