रायपुर। पश्चिम बंगाल की 293 सीटों पर जारी मतगणना के शुरुआती रुझानों में भाजपा को बढ़त मिलती नजर आ रही है। इसी बीच छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भाजपा की बढ़त पर अनोखे अंदाज में जश्न मनाया।
मंत्री चौधरी ने सोशल मीडिया पर झालमुड़ी खाते हुए वीडियो साझा किया। इतना ही नहीं, उनके बंगले के बाहर लोगों को भी मुफ्त में झालमुड़ी बांटी गई, जिससे समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया।
पोस्ट में क्या कहा?
ओपी चौधरी ने लिखा कि बचपन से झालमुड़ी उनका पसंदीदा व्यंजन रहा है और अब यह जीत के स्वाद के साथ जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस तरह के प्रतीकों के जरिए बंगाल सहित पूरे देश की जनता से जुड़ने का काम किया है।
झालमुड़ी, जो खासतौर पर पश्चिम बंगाल की पहचान मानी जाती है, अब इस मौके पर राजनीतिक जश्न और जनसंपर्क का माध्यम बनती नजर आई।
चुनावी रुझानों के बीच इस तरह के अलग अंदाज के जश्न ने राजनीतिक माहौल में नई रंगत भर दी है।





