July 23, 2026

अविश्वास प्रस्ताव गिरने पर ओपी चौधरी का कांग्रेस पर हमला, बोले- ‘विचार शून्य और अध्ययन शून्य पार्टी बन गई है’

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में कांग्रेस द्वारा लाया गया अविश्वास प्रस्ताव खारिज होने के बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब “विचार शून्य और अध्ययन शून्य” पार्टी बन चुकी है और अविश्वास प्रस्ताव के दौरान उसकी राजनीतिक नैतिकता भी उजागर हो गई।

‘हमें आईना दिखाने आए थे, खुद एक्सपोज हो गए’

ओपी चौधरी ने कहा कि कांग्रेस सरकार को आईना दिखाने आई थी, लेकिन सदन में उसे खुद अपनी हकीकत का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में महिलाओं से किए गए वादे पूरे नहीं किए और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों पात्र हितग्राहियों को मकान भी उपलब्ध नहीं करा सकी।

उन्होंने कहा, “जो कांग्रेस महिलाओं को पांच साल में पांच रुपये तक नहीं दे पाई, वह आज महतारी वंदन योजना पर सवाल उठा रही है। 18 लाख लोगों को पीएम आवास नहीं दे सके और अब उसी योजना पर प्रश्न कर रहे हैं।”

‘कांग्रेस टेस्ट मैच हजारों रन से हारी’

वित्त मंत्री ने कांग्रेस के प्रदर्शन पर तंज कसते हुए कहा कि विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव के दौरान कांग्रेस शुरुआत से ही पिछड़ गई थी।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस पहले ही ओपनिंग में डबल सेंचुरी से पीछे हो गई थी, अब टेस्ट मैच में हजारों रन से हार गई है।”

मुख्यमंत्री साय के भाषण की सराहना

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सदन में दिए गए जवाब की सराहना करते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि साय की पहचान उनकी सादगी और सरलता है, लेकिन राजनीतिक जवाब देने का समय आने पर उनका अलग ही अंदाज देखने को मिला।

उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री के जवाब से कांग्रेस स्तब्ध और निरुत्तर नजर आई। राजनीतिक प्रहार करने के लिए जिस तेवर की जरूरत होती है, वह सदन में देखने को मिला।”

भूपेश बघेल पर भी साधा निशाना

ओपी चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने अपने कार्यकाल में तानाशाह की तरह सरकार चलाई और सत्ता संघर्ष की कीमत जनता ने चुकाई।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को लंबे समय तक शासन का अवसर मिला, लेकिन उसने आदिवासी समाज को सर्वोच्च संवैधानिक पद तक नहीं पहुंचाया। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कांग्रेस के आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब दिया।