22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था। पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने धर्म पूछकर 25 हिंदू पर्यटकों समेत 26 लोगों की निर्मम हत्या कर दी थी। इस हमले के जवाब में भारतीय सेना ने 7 मई 2025 को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ लॉन्च किया था। भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान और पीओके में एयर स्ट्राइक कर 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था, जिसमें 100 से ज्यादा आतंकियों के मारे जाने की जानकारी सामने आई थी।
ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर भारतीय वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक विशेष वीडियो जारी किया है। वीडियो में ऑपरेशन की पूरी रणनीति और कार्रवाई की झलक दिखाई गई है।
वीडियो की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश से होती है, जिसमें वे कहते नजर आते हैं कि भारत हर आतंकी की पहचान करेगा और उन्हें सजा देगा। इसके बाद पहलगाम आतंकी हमले की तस्वीरें, हाई लेवल सुरक्षा बैठकें और भारतीय सेनाओं की तैयारी को दिखाया गया है। वीडियो में एयरफोर्स को पीओके में टारगेट लॉक करते हुए भी दर्शाया गया है।
ऑपरेशन पूरा होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन का हिस्सा भी वीडियो में शामिल किया गया है। इसमें पीएम मोदी कहते हैं, “टेरर और टॉक एक साथ नहीं चल सकते। टेरर और ट्रेड साथ नहीं हो सकते… और पानी और खून भी एक साथ नहीं बह सकता।”
पीएम मोदी ने बदला X प्रोफाइल
ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना X प्रोफाइल भी बदल लिया। उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा कि एक साल पहले भारतीय सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अद्भुत साहस, सटीकता और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह ऑपरेशन आतंकवाद के खिलाफ भारत के कठोर रुख और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने भारतीय सेनाओं के समन्वय, प्रोफेशनलिज्म और आत्मनिर्भर रक्षा क्षमता की भी सराहना की। पीएम मोदी ने दोहराया कि भारत आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के अपने संकल्प पर आज भी अडिग है।





