रायपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर माहेश्वरी महिला समिति, गोपाल मंदिर द्वारा वीर जवानों के शौर्य, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण को समर्पित विशेष कार्यक्रम “ऑपरेशन सिंदूर – शौर्य से शांति तक” का आयोजन विमतारा हॉल, शांति नगर में किया गया। कार्यक्रम में भारतीय सेना के अदम्य साहस और देश की रक्षा में उनके योगदान को नमन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान विभिन्न देशभक्ति प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने उपस्थित लोगों को देशभक्ति की भावना से भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के माध्यम से वीर सैनिकों के शौर्य और बलिदान को याद करते हुए राष्ट्रप्रेम, एकता और शांति का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्योति राठी, माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष राजेश तापड़िया और महामंत्री आलोक बागड़ी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की गरिमा उस समय और बढ़ गई, जब कारगिल युद्ध के योद्धा आलोक जी वर्मा ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उनके उद्बोधन ने उपस्थित सदस्यों में वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और गर्व की भावना को और मजबूत किया।
कार्यक्रम की प्रचार-प्रसार प्रमुख शशि मोहता ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य भारतीय वीर जवानों के शौर्य और बलिदान को नमन करने के साथ ही समाज में राष्ट्रप्रेम, एकता और शांति की भावना को प्रबल करना था। कार्यक्रम में करीब 35 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
इस अवसर पर सभी अतिथियों और सदस्यों ने वीर सैनिकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। साथ ही राष्ट्र की एकता, अखंडता और शांति का संदेश दिया। उपस्थित अतिथियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए आयोजन की सफलता के लिए समिति के सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष कल्पना राठी, सचिव भावना मरदा, कार्यक्रम संयोजिका प्रतिभा नत्थानी एवं रमा मल्ल, तकनीकी संयोजिका नीना राठी सहित पूरी कार्यकारिणी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और वीर जवानों को नमन के साथ हुआ।





