May 18, 2026

दही मांगने के बहाने घर में घुसा शिक्षक, नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़; आरोपी गिरफ्तार

पचपेड़ी क्षेत्र में एक शिक्षक द्वारा दही मांगने के बहाने किसान के घर में घुसकर नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। छात्रा की छोटी बहन ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हालांकि लोगों के पहुंचने से पहले ही आरोपी शिक्षक वहां से फरार हो गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ के ग्राम सिर्री निवासी शिक्षक रोहित पटेल (50) की पोस्टिंग पचपेड़ी में है। वह प्रतिदिन अपने गांव से ड्यूटी करने आता है। सोमवार को वह पचपेड़ी क्षेत्र में रहने वाले एक किसान के घर पहुंचा और दही मांगने के बहाने घर के अंदर चला गया। उस समय घर पर किसान की दो बेटियां अकेली थीं।

बताया जा रहा है कि आरोपी शिक्षक बड़ी चतुराई से बड़ी बहन को बुलाकर घर के एक कमरे में ले गया। कमरे में पहुंचते ही उसने छात्रा के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। छात्रा ने जब विरोध किया तो आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया।

इसी बीच बड़ी बहन की आवाज सुनकर पास में मौजूद छोटी बहन कमरे तक पहुंच गई। उसने शिक्षक द्वारा जबरदस्ती करते देख शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन इससे पहले ही आरोपी शिक्षक वहां से भाग निकला।

घटना के बाद छात्राओं के परिजनों ने थाने पहुंचकर शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।