जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ क्षेत्र में डोंगाकोहरौद सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। शुक्रवार सुबह 10 बजे से ग्रामीणों ने पामगढ़ के अंबेडकर चौक पर चक्काजाम शुरू कर दिया, जिससे क्षेत्र में यातायात प्रभावित हो गया। आंदोलन में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा शामिल हैं।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन और चक्काजाम जारी रहेगा। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।
जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण की मांग को लेकर गांव के आठ युवक पिछले पांच दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। युवाओं के अनशन के बाद अब आंदोलन ने व्यापक रूप ले लिया है और बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए हैं।
आंदोलन को पामगढ़ के व्यापारियों का भी समर्थन मिला है। प्रदर्शन के समर्थन में नगर के अधिकांश व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे, जिससे बाजार क्षेत्र में सन्नाटा पसरा रहा। व्यापारियों का कहना है कि सड़क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है और इसका समाधान जल्द होना चाहिए।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया है। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी आंदोलन स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से लगातार चर्चा कर रहे हैं और समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
इस दौरान एसडीएम ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त करते हुए बताया कि सड़क की मरम्मत का कार्य जारी है तथा दिसंबर माह से सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया प्रस्तावित है। हालांकि प्रशासन के इस आश्वासन से ग्रामीण संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने चक्काजाम जारी रखा।
फिलहाल पामगढ़ में स्थिति पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है। आंदोलन जारी रहने से आवागमन प्रभावित हो रहा है और अधिकारी प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर समाधान का रास्ता तलाशने में जुटे हुए हैं।





